दिव्यांग महिला बचत समूह की बैठक में अधिकारों एवं अधिनियम-2016 की दी जानकारी
दिव्यांग महिला बचत समूह की बैठक में अधिकारों एवं अधिनियम-2016 की दी जानकारी

झाबुआ । शनिवार को औद्योगिक क्षेत्र मेघनगर स्थित आजाद विकलांग कल्याण समिति के कार्यालय में संस्था के मार्गदर्शन में दिव्यांग महिला बचत समूह की बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपस्थित सभी दिव्यांग महिलाओं को उनके अधिकारों एवं हितों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गईं। इस अवसर पर भारत सरकार द्वारा पारित दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम-2016 की विस्तृत जानकारी देते हुए महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों, सरकारी योजनाओं एवं सुविधाओं से अवगत कराया गया। बैठक का मुख्य उद्देश्य दिव्यांग महिलाओं को जागरूक एवं सशक्त बनाना रहा, ताकि वे अपने अधिकारों के प्रति सजग होकर समाज में आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ सकें।
बैठक का संचालन समूह की अध्यक्ष उषा गणांवा ने किया। कार्यक्रम के अंत में समूह की सचिव मनुड़ी राठौर ने उपस्थित सभी दिव्यांग महिला सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही।



