झाबुआप्रशासनमध्यप्रदेश

कलेक्टर ने जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों के समयबद्ध एवं संवेदनशील निराकरण के दिए निर्देश

साप्ताहिक जनसुनवाई में 69 आवेदन प्राप्त, अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश

*कलेक्टर ने जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों के समयबद्ध एवं संवेदनशील निराकरण के दिए निर्देश*

*साप्ताहिक जनसुनवाई में 69 आवेदन प्राप्त, अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश*

झाबुआ – । कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने मंगलवार को जिला मुख्यालय पर आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में जिले के विभिन्न विकासखंडों एवं तहसीलों से आए नागरिकों की समस्याओं, शिकायतों एवं मांगों को गंभीरतापूर्वक सुना। जनसुनवाई के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 69 आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने सभी आवेदनों पर संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित, प्रभावी एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश दिए।

कलेक्टर डॉ. भरसट ने कहा कि जनसुनवाई आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान का एक महत्वपूर्ण एवं प्रभावी माध्यम है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक आवेदन का संवेदनशीलता, गंभीरता एवं प्राथमिकता के आधार पर परीक्षण कर निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए ।उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रकरणों के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा उदासीनता स्वीकार नहीं की जाएगी।

जनसुनवाई के दौरान ग्राम कुंभाखेड़ी, तहसील पेटलावद निवासी श्री लुणा पिता धुला पारगी ने सीमांकन प्रकरण में संबंधित पटवारी द्वारा कार्रवाई नहीं किए जाने एवं पैसों की मांग किए जाने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया। कलेक्टर ने तहसीलदार पेटलावद को संबंधित पटवारी को कारण बताओ सूचना पत्र जारी कर जवाब प्राप्त करने तथा नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

इसी प्रकार ग्राम मोहनकोट, तहसील पेटलावद निवासी श्री हुरसिंह पिता कानजी मुंडिया ने निजी कृषि भूमि पर विपक्षी द्वारा हस्तक्षेप कर खेती नहीं करने देने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया, जिस पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

ग्राम रूपाखेड़ा, पोस्ट पालेड़ी, तहसील रामा के ग्रामीणों ने शासकीय चरनोई भूमि पर अवैध कब्जा, मवेशियों के चरने में बाधा तथा भूमि के अवैध क्रय-विक्रय संबंधी शिकायत प्रस्तुत की। कलेक्टर ने संबंधित राजस्व अधिकारियों को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

ग्राम महुड़ीपाड़ा, तहसील रामा निवासी श्री अलपसिंह पिता वेस्ता भयडिया ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की राशि प्राप्त नहीं होने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया। इस पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को प्रकरण की जांच कर पात्रता अनुसार विधिवत निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

वहीं बरवेट, तहसील पेटलावद निवासी श्री ईश्वरलाल पिता बद्रीलाल पाटीदार ने प्रधानमंत्री आवास योजना की स्वीकृत सूची में नाम शामिल नहीं होने एवं सर्वे के दौरान स्थल का समुचित सत्यापन नहीं किए जाने संबंधी आवेदन दिया। कलेक्टर ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत को प्रकरण की जांच कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

इसके अतिरिक्त ग्राम कचलदरा, तहसील मेघनगर के ग्रामीणों ने ग्राम खटामा एवं कचलदरा की वनभूमि सीमा विवाद तथा कथित अतिक्रमण संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया। कलेक्टर ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्रकरण का परीक्षण कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

जनसुनवाई के समापन पर कलेक्टर डॉ. भरसट ने सभी विभागीय अधिकारियों को पुनः निर्देशित किया कि प्राप्त प्रत्येक आवेदन का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक प्रकरण की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए पात्र हितग्राहियों को शीघ्र राहत उपलब्ध कराना अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

जनसुनवाई के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री जितेन्द्र सिंह चौहान, सहायक कलेक्टर सुश्री आयुषी बंसल, संयुक्त कलेक्टर श्री विजय कुमार मंडलोई सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

[banner id="1202"]

Related Articles

Back to top button