सहायक कलेक्टर सुश्री आयुषी बंसल ने संभाला मेघनगर जनपद पंचायत के सीईओ का प्रभार
झाबुआ। कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट के आदेशानुसार सहायक कलेक्टर सुश्री आयुषी बंसल ने जनपद पंचायत मेघनगर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) का प्रभार विधिवत ग्रहण कर लिया है।
पदभार संभालने के बाद सुश्री बंसल ने जनपद पंचायत के सभी विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ बैठक आयोजित कर विभिन्न शासकीय योजनाओं तथा विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि जनपद क्षेत्र की सभी 61 ग्राम पंचायतों में लंबित एवं रुके हुए विकास कार्यों में तेजी लाई जाए तथा उन्हें निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया जाए।
सुश्री बंसल ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समयबद्ध, पारदर्शी एवं प्रभावी तरीके से पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को शासन की योजनाओं का अधिकतम लाभ मिल सके।
[banner id="1202"]



