
विश्व स्तनपान सप्ताह पर मेघनगर में जागरूकता की अलख
गर्भवती एवं धात्री माताओं को स्तनपान के लाभ बताए, फल वितरित कर दिलाई जागरूकता की शपथ
मेघनगर। विश्व स्तनपान सप्ताह (1 से 7 अगस्त) के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा मेघनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एवं आंगनवाड़ी केंद्रों पर विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान गर्भवती एवं धात्री माताओं को जन्म के पहले घंटे में स्तनपान शुरू करने, पहले छह माह तक केवल माँ का दूध पिलाने तथा दो वर्ष तक पूरक आहार के साथ स्तनपान जारी रखने के महत्व की जानकारी दी गई। यह सप्ताह देशभर में 1–7 अगस्त के दौरान मनाया जा रहा है। कार्यक्रम में एसडीएम अवनधति प्रधान, महिला एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी राखी बारिया, बीएमओ डॉ. विनोद नायक, सेक्टर पर्यवेक्षक अर्चना सांकते सहित स्वास्थ्य विभाग एवं महिला बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने माताओं से संवाद कर बताया कि माँ का दूध शिशु के लिए संपूर्ण एवं सर्वोत्तम आहार है, जो उसे संक्रमणों से बचाने के साथ स्वस्थ शारीरिक और मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। कार्यक्रम के दौरान माताओं को फल वितरित किए गए तथा स्तनपान को बढ़ावा देने के लिए जागरूकता शपथ भी दिलाई गई। साथ ही आंगनवाड़ी केंद्रों में आयोजित बैठकों के माध्यम से महिलाओं को सही स्तनपान तकनीक, मातृ पोषण और शिशु देखभाल से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी भी दी गई। अधिकारियों ने सभी परिवारों से अपील की कि वे माँ और नवजात को स्तनपान के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराएं, जिससे स्वस्थ एवं कुपोषण मुक्त समाज का निर्माण हो सके।




