मेघनगर में भगोरिया का स्थल बदला: अब कृषि उपज मंडी प्रांगण में होगा आयोजन
मेघनगर में भगोरिया का स्थल बदला: अब कृषि उपज मंडी प्रांगण में होगा आयोजन

मेघनगर। आदिवासी लोक संस्कृति के महापर्व भगोरिया को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) अवनधति प्रधान की अध्यक्षता में तहसीलदार पलकेश परमार की उपस्थिति में प्रस्तावित आयोजन स्थल का निरीक्षण किया गया। इस वर्ष भगोरिया पर्व परंपरागत दशहरा मैदान के स्थान पर कृषि उपज मंडी प्रांगण में आयोजित किया जाएगा। एसडीएम अवनधति प्रधान ने बताया कि मंडी परिसर में पर्याप्त स्थान उपलब्ध होने से भीड़ नियंत्रण तथा आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था अधिक सुगम और प्रभावी रहेगी निरीक्षण के दौरान मुख्य नगरपालिका अधिकारी राहुल वर्मा को समयबद्ध स्वच्छता, पेयजल व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे, ट्रैफिक जाम से बचाव हेतु पुख्ता पार्किंग प्लान तथा भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। मेले के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आयोजन स्थल पर अस्थायी कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा, जिससे असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखते हुए आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। थाना प्रभारी, मेघनगर को पर्याप्त पुलिस बल के साथ तैनात रहने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। नगर परिषद सीएमओ राहुल वर्मा ने बताया कि दशहरा मैदान पर हाट बाजार यथावत लगेगा। हालांकि, सुबह 10 बजे के बाद बसों का प्रवेश बस स्टैंड पर प्रतिबंधित रहेगा। थांदला जाने वाले यात्रियों के लिए साईं चौराहा तथा झाबुआ मार्ग के यात्रियों के लिए अस्पताल चौराहे पर वैकल्पिक व्यवस्था की जाएगी। मंडी ग्राउंड में केवल उन्हीं झूलों को अनुमति दी जाएगी, जिनके पास लोक निर्माण विभाग का फिटनेस प्रमाण पत्र एवं वैध अनुमति होगी। अब तक 14 जिलों को एनओसी जारी की जा चुकी है। पूरे नगर में ड्रोन कैमरों एवं प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी। निरीक्षण के दौरान नगर परिषद मेघनगर उपयंत्री सुरेश गणावा, सुनील डामोर, विनोद भूरिया, तकनीकी सहायक प्रमोद राठौड़, सहायक राजस्व निरीक्षक राजा ठाकुर, माधव सिंह हिरका, सफाई दरोगा धर्मेंद्र पांचाल तथा लोक निर्माण विभाग से नागेश हटीला सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।






